हाइलाइट्स
अर्टिगा को टक्कर देने आई नई कार.
5 और 7 सीटर सेटअप में उपलब्ध.
9.99 लाख रुपये से शुरू होती है कीमत.
नई दिल्ली. जब भी बात 7-सीटर एमपीवी की होती है तो सबसे पहला नाम मारुति अर्टिगा (Maruti Ertiga) का आता है. यह कार पिछले कई सालों से मार्केट लीडर बनी हुई है और 7-सीटर सेगमेंट में देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली कार है. अर्टिगा प्राइवेट और कमर्शियल दोनों तरह के खरीदारों के बीच लोकप्रिय है. अगर इसकी सेल्स को देखें तो अगस्त 2023 में कंपनी ने अर्टिगा की 12,315 यूनिट्स की बिक्री की है. वहीं इसी महीने इसकी बिक्री में 32% का इजाफा भी हुआ है.
हालांकि, मारुति अर्टिगा को उसी के घर में चुनौती देने के लिए अब एक नई कार आ गई है. दरअसल, फ्रेंच कार निर्माता सिट्रोन ने भारत में अपनी 7-सीटर एसयूवी सी3 एयरक्रॉस (Citroen C3 Aircross) को लॉन्च कर दिया है. भारतीय बाजार में ये एसयूवी सीधे तैर पर मारुति अर्टिगा के टक्कर में उतारी गई है, लेकिन इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा, मारुति ग्रैंड विटारा, टोयोटा रुमियन और हाल ही में लॉन्च हुई होंडा एलिवेट से हो सकता है.
C3 Aircross में क्या है खास?
सिट्रोन सी3 एयरक्रॉस की बात करें तो इसे 9.99 लाख रुपये की शुरूआती एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च किया गया है. इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 12.10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है. कंपनी ने इसे तीन ट्रिम यू, प्लस और मैक्स में लॉन्च किया है. यह एसयूवी 5 और 7 सीटर कॉन्फिगरेशन में आती है. 7-सीटर कॉन्फिगरेशन में थर्ड रो की सीटें रिमूवेबल हैं.
सिट्रोन सी3 एयरक्राॅस में 18.5 किलोमीटर की माइलेज मिल सकती है. (Image: Citroen)
इंजन और स्पेसिफिकेशंस
सी3 एयरक्रॉस में कंपनी ने 1.2-लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन दिया है. यह इंजन 110 बीएचपी की पॉवर और 190 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है. फिलहाल इस एसयूवी को केवल मैनुअल ट्रांसमिशन में ही लाया गया है. कंपनी का दावा किया है कि ये इंजन फ्यूल एफिसिएंट है जो 18.5 किलोमीटर की माइलेज आसानी से निकाल सकता है.
फीचर्स भी हैं शानदार
अगर फीचर्स की बात करें तो सिट्रोन सी3 एयरक्रॉस में वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले कनेक्टिविटी के साथ 10.2 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम और 7 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है. इसमें स्टीयरिंग-माउंटेड ऑडियो कंट्रोल और मैनुअल एसी भी मिलता है. सुरक्षा के लिहाज से इसमें फ्रंट में डुअल एयरबैग, ईबीडी के साथ एबीएस, हिल-होल्ड असिस्ट, रियर पार्किंग सेंसर, रिवर्स कैमरा और एक टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (टीपीएमएस) जैसे फीचर्स मिलते हैं.
क्या ले पाएगी Ertiga की जगह?
Citroen C3 Aircross इंजन के मामले में अर्टिगा से कहीं भी कम नहीं है, लेकिन कंपनी ने इसके बेस ट्रिम में कुछ ऐसे जरूरी फीचर्स नहीं दिए हैं जो इसके मुकाबले में अर्टिगा में उपलब्ध है. सी3 एयरक्रॉस का बेस वेरिएंट यू (You) 5-सीट कॉन्फ़िगरेशन के साथ आता है. इसमें 7-सीट वेरिएंट पर उपलब्ध छत पर लगे एसी वेंट नहीं मिलते हैं. बेस-स्पेक मॉडल में टॉप-स्पेक मैक्स ट्रिम के लगभग सभी सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं. हालांकि, इसमें 10.2-इंच टचस्क्रीन, स्पीकर, रिवर्स कैमरा, रियर वाइपर, रियर डिफॉगर और यूएसबी चार्जर का अभाव है. अगर इन कमियों को नजरअंदाज करें तो सी3 एयरक्रॉस वाकई में अर्टिगा को टक्कर दे सकती है.
.
Tags: Auto News, Car Bike News, Cars
FIRST PUBLISHED : September 17, 2023, 10:51 IST
source https://madhyapradeshsamachar.in/2023/09/17/ertiga-%e0%a4%96%e0%a4%b0%e0%a5%80%e0%a4%a6%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%ac%e0%a4%a8%e0%a4%be-%e0%a4%b0%e0%a4%b9%e0%a5%87-%e0%a4%aa%e0%a5%8d%e0%a4%b2%e0%a4%be%e0%a4%a8-%e0%a4%a4/