दमोह34 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
दमोह जिले की पथरिया थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14 में रहने वाले एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मंगलवार देर रात पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव को पीएम हाउस तक भिजवा दिया। बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम किया गया, लेकिन परिजनों को शव घर तक ले जाने के लिए नगर पंचायत ने शव वाहन नहीं भेजा। आखिरकार मजबूर परिजन चारपाई पर शव रखकर पैदल ही अपने घर पहुंचे।
पत्नी को लेने ससुराल गया था, तो साले ने पीटा
युवक के पिता नारायण अहिरवाल ने बताया कि मेरा बेटा राजेश 33 अपनी बहू को लेने के लिए उसके ससुराल कर्रापुर गया था। वहां पर उसका पत्नी से विवाद हुआ। इसके बाद उसके साले ने मेरे बेटे के साथ मारपीट कर दी। मेरे बेटे ने मुझे फोन पर पूरी जानकारी दी, तो मैंने कहा कि तुम घर आ जाओ। हम बाद में बात करेंगे। बेटा घर पहुंचा, लेकिन वह परेशान था। बार-बार कह रहा था कि मेरा अपमान हो गया।
रात में मैंने उससे खाना खाने के लिए कहा लेकिन उसने खाना नहीं खाया और घर के पास कमरे में सोने की बात कहकर चला गया। रात में कब वहां से निकल गया मुझे पता नहीं चला। देर रात पुलिस का मुझे फोन आया कि आपके बेटे का शव ट्रेन के पास मिला है। जब मैंने जाकर देखा तो वह मेरा बेटा ही था।
कई बार फोन लगाए, नहीं भेजा शव वाहन
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने अपने मृतक बेटे के शव को घर तक ले जाने के लिए नगर पंचायत में कई बार फोन लगाकर शव वाहन भेजने के लिए मिन्नतें की, लेकिन केवल आश्वासन ही मिलता रहा। कई घंटे बीत गए, तो मजबूरी में परिवार के लोग एकत्रित किए और शव को चारपाई पर रखकर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर अपने घर लेकर पहुंचे। उसके बाद अंतिम संस्कार किया। परिजनों का आरोप है कि योजनाएं बहुत है, लेकिन गरीबों की कोई सुनवाई नहीं। इस संबंध में सीएमओ ज्योति सुनहरे से बात करने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
source https://madhyapradeshsamachar.in/2023/05/31/%e0%a4%9a%e0%a4%be%e0%a4%b0%e0%a4%aa%e0%a4%be%e0%a4%88-%e0%a4%aa%e0%a4%b0-%e0%a4%b6%e0%a4%b5-%e0%a4%b2%e0%a5%87-%e0%a4%9c%e0%a4%be%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%ae%e0%a4%9c%e0%a4%ac%e0%a5%82%e0%a4%b0/